जम्मू के नई बस्ती इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए सड़क चौड़ीकरण के तहत करीब 21 दुकानों को ध्वस्त किया गया। प्रशासन का कहना है कि इससे यातायात सुगम होगा।
जम्मू के नई बस्ती इलाके में सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन ने कई ढांचों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण और बुनियादी ढांचा विकास परियोजना के तहत की गई। सड़क विस्तार के लिए करीब 21 दुकानों को हटाया गया, जिससे स्थानीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है।
विज्ञापन
स्थानीय निवासी ओंकार शर्मा ने बताया कि सड़क संकरी होने के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी होती थी और अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी। इसी समस्या को दूर करने के लिए सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन दुकानों को हटाया गया, वे सड़क की जमीन पर बनी थीं।
ओंकार शर्मा के अनुसार, दुकानदारों को पहले ही दुकानें खाली करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि प्रभावित लोगों को मुआवजा मिलेगा या उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।