कोरोना संक्रमण मामलों में गिरावट के बाद जीएमसी जम्मू में 21 जून से ओपीडी सेवा को बहाल किया जा रहा है। कोविड महामारी के बीच दो माह बाद मरीजों को जीएमसी में नेत्र, आरथो, मेडिसिन और सर्जरी विभाग में ओपीडी सेवाएं मिलेंगी। ओपीडी में प्रतिदिन सीमित 25 मरीजों को ही देखा जाएगा और इसके लिए मरीज को समर्पित फोन नंबरों पर अप्वाइंटमेंट लेनी होगी। प्रत्येक मरीज के साथ एक ही तीमारदार को आने की अनुमति दी जाएगी। मरीज और तीमारदार को ओपीडी क्षेत्र में कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन करना होगा।
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर में कोरोना के संक्रमित मामलों में यकायक बढ़ोतरी के बाद अप्रैल के मध्य के बाद जीएमसी में ओपीडी सेवा को बंद कर दिया गया था। संभाग में जीएमसी प्रमुख कोविड अस्पताल के रूप में काम कर रहा है। जिसमें मई में कोविड के पीक पर जाने पर जीएमसी के अधिकांश वार्डों को कोविड में तबदील कर दिया गया था। इससे इमरजेंसी को छोड़कर रूटीन सर्जरी और ओपीडी सेवा प्रभावित रही। जिससे हजारों गैर कोविड मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी है। ओपीडी सेवा के बहाल होने से मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
जीएमसी प्रशासन के अनुसार सोमवार की ओपीडी के लिए मरीज को संबंधित फोन नंबर पर शनिवार को अप्वाइंटमेंट लेनी होगी। ओपीडी सेवा संबंधित विभागों में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक जारी रहेंगी। इसके साथ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संबंधित नंबरों पर मरीज ओपीडी के लिए अप्वाइंटमेंट ले सकते हैं। ओपीडी में फोन अंपाइंटमेंट लेने वाले मरीजों को ही प्राथमिकता पर देखा जाएगा। मरीज के साथ तीमारदार को मास्क, सामाजिक दूरी और दूसरे कोविड प्रोटोकाल का पालन करना होगा।
इन नंबरों पर ओपीडी की अंपाइंटमेंट लें
नेत्र 9541925355
आरथोपेडिक्स 9541925356
मेडिसिन 9541925357
सर्जरी 9541925358
एसएमजीएस में सोमवार से 50 फीसदी रूटीन सर्जिकल सेवा
जम्मू शहर के प्रमुख जच्चा बच्चा अस्पताल एसएमजीएस में आगामी सोमवार से 50 फीसदी रूटीन सर्जिकल सेवा को बहाल कर दिया जाएगा। इससे सैकड़ों मरीजों को राहत मिलेगी। कोविड संक्रमण के प्रसार के कारण एसोसिएटेड अस्पतालों में रूटीन सर्जरी को बंद किया गया था, जिसे चरणबद तरीके से बहाल किया जा रहा है। इसमें एसएमजीएस के विभिन्न विभागों में रूटीन सर्जरी बहाल की जा रही है।