जिले की चार विस सीटों पर स्वतंत्र और हिंसा मुक्त चुनाव करवाने के लिए पुलिस ने करीब 32 क्विक रिस्पांस टीमों (क्यूआरटी) का गठन किया है। एसएसपी ने बताया कि सात क्यूआरटी आतंकवादियों पर नजर रखने और उनसे निपटने के लिए बनाई गई हैं।
17 क्यूआरटी कानून व्यवस्था केलिए, जबकि आठ क्यूआरटी महिलाओं के लिए बनाई गई हैं। एसएसपी के अनुसार, अतिसंवेदनशील और संवेदनशील पोलिंग बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए बीएसएफ कर्मियों को तैनात किया गया है। हर एक पोलिंग बूथ पर बीएसएफ की दो सेक्शनें तैनात होंगी और एक सेक्शन में करीब 12 जवान होंगे। वहीं मतदान का दिन करीब आते ही पुलिस ने अपनी चौकसी भी बढ़ा दी है।
चुनाव प्रचार के एक महीने के दौरान जिला पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में लगाए गए नाकों से करीब दो करोड़ से ज्यादा रुपये जब्त किया है। पूरी जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने करीब एक करोड़ 83 लाख रुपये लौटा दिए, जबकि 16 लाख 32 हजार को जांच के दौरान शक के आधार पर इनकम टैक्स विभाग को सौंप दिए गए हैं।
राजोरी के एसएसपी डा. हसीब मुगल ने बताया कि चुनाव में रुपये के लेनदेन पर विशेष नजर रखने के लिए जिले में करीब 14 स्थानों पर राउंड द क्लाक नाके लगाए गए थे। इन नाकों से पकड़े गए दो करोड़ रुपये में से करीब 16 लाख 32 हजार की जांच के दौरान पाया गया कि संभावित रूप से चुनाव में प्रयोग हो सकते हैं। नौशेरा तहसील के लंबेड़ी क्षेत्र में नाके के दौरान यह रुपये जब्त किए गए थे। जांच के दौरान रुपयों के मालिक पुलिस को कोई ऐसा सबूत नहीं दे पाए। इसीलिए शक के आधार पर यह 16 लाख 32 हजार रुपये इनकम टैक्स विभाग को सौंप दिए गए हैं।