बुद्धल तहसील के समोट गांव को तरगाई गांव से जोड़ने के लिए सड़क का निर्माण हुआ। ग्रामीणों में सड़क सुविधा बहाली को लेकर काफी खुशी थी। मगर यह खुशी महीने भर में ही काफूर हो गई। जब सड़क पर बिछी तारकोल मात्र एक महीने में ही उखड़ने लगी है। मजबूरन लोगों को सड़क पर उतर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार समोट तरगाई सड़क मार्ग का निर्माण कार्य पीडब्ल्यूडी रोड एंड भवन विभाग ने करवाया था। नवंबर महीने में सड़क पर तारकोल डाली गई, लेकिन मात्र एक महीने में ही तारकोल उखड़ने से लोगों में कड़ा रोष है।
वीरवार को स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर कड़ा रोष जताया। नाराज लोगों ने बताया कि सड़क पर डाली गई तारकोल का एक महीने भर में ही उखड़ जाने से साबित होता है कि संबंधित ठेकेदार ने हल्की गुणवत्ता वाली तारकोल डाली थी। वहीं इस अवसर पर स्थानीय निवासी लियाकत अली, हाजी बशीर अहमद, मुश्ताक अहमद आदि ने बताया कि सड़क मार्ग को बनाने के लिए लोगों ने कई प्रदर्शन किए थे।
दशकों पुरानी मांग को पूरा तो किया गया, लेकिन हलकी गुणवत्ता वाली तारकोल डालने से लोगों को फिर निराशा हाथ लगी है। उन्होंने बताया कि तारकोल उखड़ने से गड्ढे पड़ने लगे हैं व इससे वाहनों को चलने के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी दिक्कतें पेश आने लगी हैं। वहीं उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोबारा से तारकोल नहीं डाली गई तो वह लोग उग्र प्रदर्शन करेंगे।