सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने और कम संख्या वाले स्कूलों को विलय करने के निर्देश के खिलाफ मंगलवार को जिले के बुद्धल क्षेत्र में सरकार के इस निर्देश के प्रति कड़ा रोष प्रकट करते हुए क्षेत्र के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर गुस्साए अभिभावकों ने स्कूलों के विलय को एक सियासी कदम बताते हुए कहा कि इससे हमें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नेकां के जिला सचिव वकार लोन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बुद्धल के करीब तीन दशक पुराने मिडल स्कूल को विलय कर सरकार ने लोगों के साथ धोखा किया है।
स्कूल में कार्यप्रणाली सुधारने के लिए सरकार कोई और कदम भी उठा सकती थी, लेकिन बच्चों के साथ यह अन्याय नेकां कभी सहन नहीं करेगी। स्कूल को बंद कर बच्चों को वहां से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर सिथत सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में दाखिला लेने के लिए कहा जा रहा है।
बच्चों के लिए एक किलोमीटर का सफर पैदल तय करना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जेडईओ से भी अपील की गई, लेकिन उन्होंने इसे सरकारी आदेश की बात कह टाल दिया है। वहीं अभिभावकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही मिडल स्कूल को विलय करने के निर्देश वापिस लेकर स्कूल को फिर से नहीं खोला गया तो सड़कों पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करेंगे।