पुंछ में विश्व हिंदू परिषद की तरफ से नगर स्थित जेल मंदिर परिसर में जिला अस्पताल और ब्लड बैंक पुंछ के सहयोग से ब्लड ग्रुप एवं रक्तदाता नामांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रधान मदन लाल शर्मा और बजरंग दल के प्रधान सौरभ शर्मा ने की, जबकि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला कार्यवाह धमेंद्र शास्त्री और विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री निशू गुप्ता मुख्य अतिथि रहे।
ब्लड बैंक पुंछ के वरिष्ठ तकनीशियन हरविंदर सिंह के नेतृत्व में शिविर में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों की रक्त की जांच कर उनका ब्लड ग्रुप निकालने और रक्तदाता सूची में उनके नाम जोड़ने की प्रक्रि या शुरू की गई। स्वेच्छा से रक्तदान करने वालों के नामों की सूची तैयार कर ब्लड बैंक को सौंपी गई।
इस अवसर पर पंडित रिम्पल शर्मा, पंडित गोपाल कृष्ण ने युवाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि रक्तदान महादान जहां आज विश्व में नारा दिया जा रहा है वहीं हिंदू धर्म में महाऋषी दधीची ने तो अपना पूरा शरीर व्रज हेतु दान कर दिया था इसलिए रक्त दे कर लोगों का जीवन बचाने के लिए सबको आगे आना चाहिए।
निशू गुप्ता ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद आज देश भर में जहां लाखों यूनिट रक्त दान कर रहा है वहीं पुंछ में ब्लड बैंक में रक्त जमा करने की कम क्षमता को ध्यान में रखते हुए हमने यहां रक्तदाताओं की सूची तैयार की है जो किसी भी समय जरूरत पड़ने पर रक्तदान करेंगे।