कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को जिले के सुरनकोट और पुंछ नगर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौेरा कर तबाही का जायजा लिया। उन्होंने शिविरों में रह रहे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द सुनने के साथ ही इस बात का वादा किया कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह उनके साथ है। वह हर प्रकार की सहायता करने को भी तैयार हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी, अंबिका सोनी, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रोफेसर सैफुद्दीन सोज़ के साथ विशेष हेलीकाप्टर से पुंछ हवाई अड्डे पहुंचे। जहां पर एमएलसी जाहंगीर मीर, जम्मू-पुंछ क्षेत्र के पूर्व सांसद मदन लाल शर्मा, जिला विकास आयुक्त मोहम्मद हुसैन मलिक और एसएसपी शमशीर हुसैन ने उनका स्वागत किया। जिसके उपरांत सोनिया और राहुल का काफिला पुलस्त नदी किनारे पहुंचा, जहां उन्होंने बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई शेरे कश्मीर पुल की सड़क को देखा और सुरनकोट कस्बे में पीड़ितों से मुलाकात की।