बुधवार को भी पुंछ एवं राजोरी जिलों को कश्मीर के साथ जोड़ने वाली ऐतिहासिक मुगल रोड पर गिरी बर्फ को हटाने का काम जोरों से जारी रहा। पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल विंग की आधुनिक स्नोकटर मशीनें, बुलडोजर और जेसीबी मशीनें मुगलरोड पर पोशाना के आगे सड़क पर बने बर्फ के पहाड़ों को काटती हुई मार्ग पर स्थित छत्ता पानी पुल तक पहुंच गई हैं। जहां तक बर्फ हटाने के काम को पूरा कर लिया गया है। वहां पर मुगलरोड का दृश्य बड़ा ही अद्भुत दिखाई दे रहा है।
मुगल रोड के के दोनों तरफ कहीं आठ फुट तो कहीं दस फुट ऊंची बर्फ की दीवार बनी दिखाई दे रही है। मुगलरोड से बर्फ हटाए जाने के काम की देख रेख कर रहे पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल विंग के असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अमरप्रीत सिंह के अनुसार इस बार अभी तक मौसम पूरी तरह उनका साथ दे रहा है।
जिसके कारण बर्फ हटाने का काम काफी तेजी से चल रहा है। पिछले वर्ष विभाग को करीब तीन बार बर्फ हटाने के काम को अंजाम देना पड़ा था। सूत्रों के अनुसार कश्मीर के शोपियां की तरफ से मुगलरोड से बर्फ हटाने के काम में लगी मशीनें एक दिन बाद पीर की गली तक पहुंच जाएंगी।