क्षेत्र में मूसलाधार बारिश और पहाड़ों पर हिमपात होने से सर्दी ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया है। पूरे तहसील क्षेत्र में जनजीवन अस्तव्यस्त होकर रह गया है।
बुधवार सुबह से शुरू हुई बारिश वीरवार रात तक जारी रही। कालाबन, पठानातीर और बिम्भर गली की ऊंची पहाड़ियों पर हिमपात हुआ, जिससे सुबह से शाम तक ठंडी हवाएं चलती रहीं और शीत लहर का आभास हुआ। बारिश के कारण बाजारों में भीड़ कम रही और स्कूलों-कालेजों में भी विद्यार्थी कम ही पहुंचे।
उधर, बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल और आने वाली गर्मी के लिए यह बारिश लाभकारी रहेगी।
मेंढरवासी सुखचैन लाल, अभिषेक शर्मा, सुभाष चंद्र, राम कुमार, इदरीस खान, गोविंद लाल गुप्ता, रवि कुमार आदि का कहना था कि हमने गर्म कपड़ों को बक्सों में डाल दिया था, लेकिन इस बारिश के बाद हमें गर्म कपड़ों को फिर से बाहर निकालना पड़ा।