बोले- निर्धारित रूट पर चलने के बावजूद नहीं करने दिया जा रहा काम
किस्त भरने के साथ परिवार का गुजारा चलाना हुआ मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। शहर में चलने वाले ई-रिक्शा वाले ऑटो चालकों की मनमानी से खासे परेशान हैं। बुधवार को एआरटीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर न्याय की गुहार लगाई। साथ ही बताया कि निर्धारित रूट पर चलने के बावजूद काम करने नहीं दिया जा रहा है, जिस कारण किस्त भरने के साथ ही परिवार का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने एआरटीओ से जल्द न्याय की गुहार लगाई है।
चालकों ने बताया कि उनके ई-रिक्शा पंजीकृत हैं और नियमों का पालन किया जा रहा है। एआरटीओ कार्यालय से उनके ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारित किए गए हैं, लेकिन ऑटो चालक उन्हें नहीं चलने देते। आलम है कि बैंक की किस्त जमा करने के साथ परिवार का गुजारा भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने एआरटीओ से गुहार लगाते हुए कहा कि वो ऑटो चालकों पर नकेल कसें, ताकि ई-रिक्शा वालों की समस्या का समाधान हो सके। एआरटीओ ने ऐसा करने वालों के खिलाफ लिखित में शिकयत देने की बात कही। साथ ही बताया कि इसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ ने बताया कि ई-रिक्शा को राजोरी सिटी के 15 किलोमीटर की रेंज में चलने की अनुमति है। यदि कोई और ऑटो चालक उन्हें परेशान करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।