भाजपा शासन में राजोेरी-पुंछ की हुई उपेक्षा : भल्ला
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) प्रमुख विकार रसूल वानी ने बुधवार को घोषणा की कि कांग्रेस भाजपा के यूटी दिवस पर काला दिवस मनाएगी। राजोेरी में डीसीसी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री शब्बीर अहमद खान की अध्यक्षता में हुई बैठक में वानी ने संगठनात्मक मामलों और गतिविधियों की समीक्षा की।
जेकेपीसीसी प्रमुख ने कहा कि पूर्ण राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में अपग्रेड करने और लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों को छीनने के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए काला दिवस मनाएंगे। सदन में राज्य का दर्जा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल करने का वादा करने के बावजूद भाजपा सरकार को लोगों के प्रति प्रतिबद्धता की परवाह नहीं है। बीजेपी हार के डर से चुनाव में देरी कर रही है।
जेकेपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने कहा कि बेरोजगारी पर अंकुश लगाने और विकासात्मक मुद्दों के समाधान की कोई नीति नहीं है। बेरोजगारी काफी बढ़ गई है। न कोई विकास हुआ है। भाजपा शासन में राजोेरी-पुंछ की उपेक्षा हुई है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा ने भाजपा सरकार से पूछा कि यूपीए सरकार द्वारा शुरू की जम्मू-पुंछ रेलवे लाइन के संबंध में क्या उपाय किए हैं?