संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। स्मृति दिवस पर राजोरी में पुलिस की ओर से एक कार्यक्रम हुआ। इसमें पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिला पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर परेड निकाली गई, जिसकी सलामी राजोेरी-पुंछ रेंज के डीआइजी डॉ. मोहम्मद हसीब मुगल ने ली। कार्यक्रम में पुलिस और अन्य शहीदों के नामों का उल्लेख कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम में एसएसपी अमृतपाल सिंह, कमांडेंट आईआर द्वितीय बटालियन रणदीप कुमार, कमांडिंग ऑफिसर राजोेरी टाउन रेजिमेंट कर्नल तुषार जाधव आदि अधिकारियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। डीआईजी ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह पुलिस, सीएपीएफ कर्मियों द्वारा मातृभूमि के लिए किए गए बलिदान का प्रतीक है। बाद में, पुलिस लाइन में पुलिस शहीदों के परिवारों के साथ एक इंटरेक्टिव सत्र भी हुआ, जिसकी अध्यक्षता डीआइजी डॉ. मोहम्मद हसीब मुगल ने की। बैठक में शेखर शर्मा, अतिरिक्त एसपी नौशेरा मोहम्मद रफी गिरी और पुलिस के अन्य एस.डी.पी. और जीओ भी उपस्थित थे, जिसमें पुलिस शहीद परिवारों की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुना गया और उनके समाधान के लिए कदम उठाए गए।