क्षेत्र में दहशत का माहौल, हिरासत में लिए संदिग्धों से पूछताछ जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। कोटरंका पुलिस थाने के अंतर्गत बगला ढोक में दंपती की गला रेत कर हत्या मामले की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ पाई है। तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली रहे। वहीं, क्षेत्रवासियों में दहशत बरकरार है।
सूत्रों की माने तो कोटरंका पुलिस ने कुछ संदिग्धोें को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। दंपती के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है, लेकिन अभी तक उनके हाथ कोई पुख्ता सुबूत नहीं लगा है, जिसके आधार पर डबल मर्डर मिस्ट्री को सुलझाया जा सके।
उधर, दंपती की निर्मम हत्या के तीन दिन बाद भी कोटरंका सब डिवीजन के विभिन्न इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग सहमे हुए दिन गुजार रहे हैं। आलम यह है कि लोग शाम ढलते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं। स्थानीय वरिष्ठ समाजसेवी ठाकुर सुरजीत सिंह ने बताया कि जब से बगला ढोक में दंपती की गला रेत कर हत्या की गई है तभी से इलाके में इतनी दहशत है कि लोग घरोें से निकलना भी नहीं चाह रहे हैं। लोगों को कहना है कि जब तक पुलिस इस डबल मर्डर मिस्ट्री को नहीं सुलझाती और कातिलों को सबके सामने नहीं लाती तब तक ऐसा ही माहौल रहेगा। गौरतलब रहे कि सोमवार देर रात को कोटरंका के वरिष्ठ पहाड़ी नेता एवं सेवानिवृत्त हवलदार अयूब पहलवान के भाई मोहम्मद आजम और भाभी गुलजार बेगम की ढोक पर गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गई थी