राजोेरी। जिला प्रशासन ने मंगलवार को ‘चुनाव समावेशी, सुलभ और सहभागी’ विषय के साथ मतदाता दिवस मनाया। मुख्य कार्यक्रम लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में करवाया गया। यहां मुख्य अतिथि जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजोेरी विकास कुंडल थे। उन्होंने सभी अधिकारियों को चुनावों को समावेशी और सुलभ बनाने की शपथ दिलाई। इसके अलावा उपखंड और तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिसमें एडीसी, एसडीएम और तहसीलदारों ने अध्यक्षता की।
डीईओ ने इस दिन के महत्व के बारे में बताते कहा कि मतदाता दिवस का उत्सव सभी पात्र मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने की उनकी जिम्मेदारी के बारे में एक अनुस्मारक है। उन्होंने नए पंजीकृत मतदाताओं को चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए बधाई देकर उन्हें चुनावी प्रक्रिया में नैतिक और सक्रिय भागीदारी के बारे में भी जागरूक किया। कहा कि वोट ने जनता को सशक्त बनाया है और उनसे आग्रह किया कि जब भी मौका मिले अपने प्रतिनिधि का चुनाव करने के लिए विवेकपूर्ण तरीके से मताधिकार का प्रयोग करें। चुनाव प्रक्रिया में लगे मुलाजिमों को उचित समर्पण और अतिरिक्त उत्साह के साथ अपने चुनाव संबंधी कर्तव्यों का पालन करने की सलाह दी।
वहीं एडीसी राजोेरी पवन कुमार परिहार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी लोकतंत्र को मजबूत करने में इस दिन के महत्व और चुनाव की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान मतदाता दिवस शपथ ग्रहण समारोह का भी आयोजन किया गया। समारोह के दौरान नव नामांकित मतदाताओं को भी सम्मानित किया गया और उनके मतदाता फोटो पहचान पत्र सौंपे गए।