वीरवार देर शाम से शुक्रवार सुबह तक करीब कई घंटों तक पुलस्त नगरी पूरी तरह अंधरे में डूबी रही। जिसके चलते आम लोगों के साथ ही बिजली से जुडे़ काम धंधे करने वालों को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा।
वहीं वीरवार देर शाम ठप हुई बिजली की सप्लाई शुक्रवार सुबह पूरी तरह बहाल हो पाई परंतु उसके बावजूद भी क्षेत्र में लगातार बिजली की आंख मिचौली जारी रही। इतना ही नहीं कई ग्रामीण क्षेत्रों में देर शाम तक भी बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई थी। वहीं विभाग के अधिकारियों का कहना था कि तेज हवाओं और आंधी से विभाग को भारी हानि हुई है। उसके बावजूद भी हमारे लोगों ने बड़ी फुर्ती से काम करते हुए बिजली की सप्लाई बहाल की है।
गौरतलब है कि वीरवार को देर शाम करीब 5.30 बजे नगर तथा आस पास के क्षेत्रों में अचानक जोरदार वर्षा के बीच आंधी और तूफान शुरू हुआ था, जोकि करीब डेढ़ घंटा तक रहा। इसके उपरांत पुलस्त नगरी पूरी तरह अंधरे में डूब गई थी। जिसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 7.30 बजे के बाद बिजली बहाल हो पाई। उधर, वीरवार को आए आंधी तूफान से बड़ी संख्या में बिजली के खंभे गिर गए, तारें टूट गई और कई ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए।