स्क्रीनिंग टेस्ट के आदेश को रद्द करने और बकाया वेतन देने समेत अन्य मांगों को लेकर आरईटी शिक्षकों ने रोष रैली निकाल कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। जिले के विभिन्न शिक्षा जोनों से भारी संख्या में आरईटी शिक्षक शहर के चिल्ड्रेन पार्क में पहुंचे।
वहां से उन्होंने ऑल जेएडंके आरईटी शिक्षक फोरम के बैनर तले रैली निकल कर शहर की अति व्यस्त इलाके गुज्जरमंडी चौक पहुंचे। जहां करीब तीन घंटे तक चौक जाम कर शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस अवसर पर फोरम के प्रधान आफताब तांत्रे, जिला सचिव जहांगीर खान आदि ने शिक्षा मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब से राज्य में पीडीपी भाजपा गठबंधन सरकार बनी है, तब से आरईटी शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। आरईटी शिक्षकों को पिछले छह महीनों से वेतन नहीं दिया गया और न ही उन्हें नियमित करने के लिए काम किया जा रहा है।
इसके साथ ही शिक्षकों के लिए ट्रांसफर पालिसी भी नहीं बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री को यदि स्क्रीनिंग टेस्ट लेना है तो शिक्षा विभाग के सभी लेक्चरर, हेड मास्टर, सीईओ और उच्च अधिकारियों का भी लिया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्क्रीनिंग टेस्ट का आदेश वापस नहीं लिया गया तो वे आत्मदाह करेंगे।
प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों ने डीसी राजोरी शब्बीर अहमद बट्ट से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। डीसी ने भी शिक्षकों को आश्वासन देते हुए कहा कि वे उनकी मांगे शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों और मंत्रियों तक पहुंचा कर उसका समाधान करने की कोशिश करेंगे।