पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के बेतुके बयान के खिलाफ भरतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदर्शन कर उनके खिलाफ नारे लगाए। भाजयुमो के राज्य अध्यक्ष राजा रतन ठाकुर की अध्यक्षता में भारी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में एकत्रित हुए व सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। डॉ. फारूक का पुतला फूंककर राजा रतन ने कहा कि उनके इस बेतुके बयान से देश का माहौल खराब हो सकता है।
फारूक को देश वासियों से माफी मांगने की बात कहते हुए राजा ने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी से उनकी मानसिकता का पता चलता है। पीओके के खिलाफ बयानबाजी कर नेकां ने अपनी असलियत दिखा दी है। पीओके जम्मू कश्मीर राज्य का हिस्सा है व इस हिस्से को हर हाल में लेकर रहेंगे। राज्य विधानसभा में आज भी पीओके की सीटों को रिक्त रखा गया है। फारूक का बयान लोगों को भड़काने के साथ लोगों की भावनाओं के साथ मजाक है।
भाजयुमो ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की उपलब्धियों को देख सारी विपक्षी पार्टियां बौखला गई हैं। यही कारण है कि विपक्षी नेता बेबुनियाद बयानबाजी कर देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। भाजयुमो ने फारूक के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।