राजोरी। कांग्रेस पार्टी के एक शिष्टमंडल ने जम्मू में परिसीमन कमेटी से मुलाकात की। इस दौरान राजोरी विधानसभा क्षेत्र की सीटोें में बढ़ोतरी करने और जम्मू-पुंछ संसदीय क्षेत्र की सीट को जम्मू से अलग करने की मांग की।
पूर्व मंत्री एवं डीडीसी के उपाध्यक्ष शब्बीर अहमद खान की अध्यक्षता में परिसीमन समिति से मिलने पहुंचे कांग्रेस पार्षद राजेश गुप्ता, डीडीसी सदस्य क्यूम मीर, वरिष्ठ नेता मसूद चौधरी, डीडीसी सदस्य साईं अब्दुल रशीद आदि ने परिसीमन कमेटी के सामने मांगें रखते हुए बताया कि राजोरी विधानसभा क्षेत्र से 4 सीटों को बढ़ाकर 6 किया जाए। जम्मू-पुंछ राजोरी संसदीय क्षेत्र से जम्मू को अलग किया जाए, और राजोरी-पूंछ को अलग संसदीय क्षेत्र बनाया जाए। वहीं कांग्रेसियों ने राजोेरी-पुंछ के लोगों को पहाड़ी दर्जा की पुरानी मांग को भी समिति के समक्ष रखा। उन्हें बताया कि जल्द से जल्द पहाड़ी भाषा बोलने वालों को उनका अधिकार दिया जाए और पहाड़ियों को आरक्षण की सुविधा प्रदान की जाए।