नौशेरा। उपजिले के अंतर्गत सेरी ब्लॉक की पंचायत मंगयोट के सरपंच चमन लाल की देखरेख में वीरवार को एक बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें पंच, सरपंच व स्थानीय लोग मौजूद रहे। सरपंच चमन लाल ने उपायुक्त राजेश कुमार शवन व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से गुहार लगाई कि बैरीपतन तहसील में तहसीलदार बैठाया जाए। अगर तहसीलदार बैठाने में समय लगता है तो काम चलाने के लिए नायब तहसीलदार को बिठाया जाए।
चमन लाल ने बताया कि वर्ष 2015 में जम्मू हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक बैरीपतन तहसील उपजिले नौशेरा के अंतर्गत आने वाली पंचायत बैरीपतन पंचायत मंगयोट में आती है, लेकिन अब तक तहसीलदार को बैरीपतन तहसील में नहीं बैठाया गया।
इस संबंध में रमेश चौधरी सरपंच पंचायत डींग ने उपायुक्त से गुजारिश की कि बैरीपतन तहसील को सेरी ब्लॉक से जोड़कर कि सीलदार नियुक्त किया जाए। ताकि, सीमावर्ती क्षेत्र के हजारों लोगों की परेशानियों का हल हो सके। बलवंत राज सरपंच पंचायत सेरी ने बताया की मंगयोट व सयाल के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वे लंबा सफर तय कर सुंदरबनी जाते हैं जिससे समय के साथ रुपयों की भी बर्बादी होती है।
ज्ञात है कि वर्ष 2014 में नौशेरा प्रशासन ने बैरीपतन तहसील का प्रस्ताव बनाकर राजोरी भेजा गया था। रेवेन्यू रिकॉर्ड के मुताबिक उपजिले में बैरीपतन तहसील है, जहां का कार्यभार आज तक किसी तहसीलदार को नहीं दिया गया। तहसीलदार का चार्ज एडीसी सुंदरबनी के पास है। लोगो को लगभग 25 किलोमीटर दूर सुंदरबनी जाना पड़ता है।