राजोरी। ट्रांसपोर्टर और व्यापारी समाज के दो महत्वपूर्ण अंग हैं। कोरोना की रोकथाम में उनकी भूमिका के बारे में जागरूक करने के लिए एसओपी के उचित पालन के लिए पुलिस ने सभी पुलिस चौकियां और थानों में बैठकें आयोजित कीं। एसएसपी शीमा नबी के निर्देश पर थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों ने बैठक कीं।
बैठकों के दौरान कोविड-19 की मौजूदा स्थिति पर चर्चा हुई। इसमें व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों को उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारियों के बारे में जागरूक किया गया। जो यह सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण हैं कि जिले में कोविड पॉजिटिव मामलों का गिरना ग्राफ जारी रहे। व्यापारियों से कहा गया कि वे बिना मास्क के दुकान में किसी ग्राहक को प्रवेश न करने दें। सैनिटाइजर के नियमित उपयोग के अलावा किसी भी तरह के ग्राहकों को इकट्ठा न होने दें। साथ ही ग्राहकों को जिम्मेदारियों से अवगत कराने की भी अपील की।
व्यापारियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। ट्रांसपोर्टरों को 50 प्रतिशत यात्रियों को बैठाने की क्षमता वाले एसओपी का सख्ती से पालन करने और यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क के वाहन में यात्रा न करें। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के सामने इस लड़ाई में सहयोग देने की अपील की। क्योंकि केवल एक साथ समाज ही इस घातक वायरस को हरा सकता है।