-डीसी ने ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा की, काम समय पर निपटाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोेरी। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत 62,568 घरों का निर्माण हो रहा है। इनमें से 35,022 काम पूरा हो चुका है। यह जानकारी मंगलवार को अधिकारियों ने डीसी विकास कुंडल को ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान दी। बैठक में जिला कैपेक्स बजट, मनरेगा, पीएमएवाई और आवास प्लस के तहत प्रगति सहित अदालत में लंबित मामलों पर चर्चा की गई।
अधिकारियों ने डीसी को बताया कि जिला कैपेक्स बजट के तहत 3897 में से 2590 कार्यों को पूरा कर लिया है। समृद्ध सीमा योजना (एसएसवाई) के तहत 92 कार्य पूरे हो चुके हैं। मनरेगा के तहत भी 3099 कार्य पूरे किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और आवास प्लस के तहत किए कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि 62,568 घरों में से 35,022 घर पूरे हो चुके हैं।
डीसी ने उच्च न्यायालय और अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित विभाग के अदालती मामलों पर भी चर्चा की। शीघ्र निर्णय प्राप्त करने के लिए मामलों पर नियमित अध्ययन पर जोर दिया। अधिकारियों को कानूनी मामलों से निपटने के दौरान उच्चतम नैतिक मानकों का पालन करने और समुदाय के सर्वोत्तम हितों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। जिले में व्यापक और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए विकासात्मक योजनाओं को लागू करने पर भी जोर दिया। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण (एसबीएम-जी) के तहत उपलब्धियों की समीक्षा भी की गई। बताया कि 123,966 घरेलू शौचालयों का निर्माण किया गया है। डीसी ने सभी काम समय पर निपटाने के निर्देश दिए।