जिले के कांट्रैक्चुअल शिक्षकों ने मंगलवार को शिक्षा विभाग के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने विभाग से गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें भी आरईटी की तर्ज पर स्थायी किया जाए।
प्रदर्शन के बाद शहर के चिल्ड्रेन पार्क में आयोजित बैठक में शिक्षकों ने अपनी नई इकाई का गठन किया, जिसमें सिराज अहमद को जिला अध्यक्ष व नवल किशोर को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। साथ ही विभिन्न शिक्षा जोनों के प्रधान भी चुने गए।
इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि उनकी नियुक्ति मेरिट के अनुसार की गई थी। पिछले कई वर्षों से वह विभिन्न इलाकों में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, लेकिन अभी तक हमें स्थायी नहीं किया गया।
इस संबंध में सिराज, सुषमा, नवल आदि ने बताया कि कुछ शिक्षक तो अब ओवरएज होने की कगार पर हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द हमारी मांग को पूरा नहीं किया गया तो सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन का सहारा लिया जाएगा।