राजोरी। जिले में वीरवार को कोरोना संक्रमित 45 नए मामले सामने आने के बाद सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 311 पहुंच गई है। इसके अलावा थन्ना मंडी तहसील के दो गांव कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिए। एडिशनल डिप्टी कमिश्नर हजूरी ठाकुर शेर सिंह से मिली जानकारी के अनुसार मंजाकोट स्वास्थ्य ब्लॉक से 14, कालाकोट ब्लॉक से 12, दरहाल ब्लॉक से 11 और सुंदरबनी से 8 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। वहीं दरहाल चिकित्सा ब्लॉक के तहत पड़ने वाले थन्नामंडी तहसील के 2 गांवों में सबसे अधिक 7 मामले सामने आने पर डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट राजेश कुमार शवण ने दोनों गांवों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। डीएम द्वारा जारी आदेश के अनुसार थन्नामंडी तहसील के कोट और मोहड़ा मेहरा को माइक्रो कन्टेनमेंट जोन करार देकर 200 मीटर के दायरे मे कड़ी पाबंदियां लगा दी हैं।
आदेश के मुताबिक माइक्रो कंटेनमेंट जोन में न तो कोई दुकान खुलेगी और न ही किसी को वहां से आने की या वहां किसी को जाने की अनुमति रहेगी। इसके अलावा डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने माइक्रो कंटेनमेंट जोन में रहने वाले सभी परिवारों के टेस्ट करने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी कि यदि किसी ने टेस्टिंग नहीं करवाई तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने माइक्रो कंटेनमेंट जोन का दौरा कर पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए अन्य लोगों की पहचान कर उनकी सैंपलिंग की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।