सुंदरबनी । सुंदरबनी में भी बुधवार को ट्रांसपोर्टरों के चक्का जाम करने की घोषणा का असर देखने को मिला। कोई भी वाहन सड़कों पर चलता नहीं मिला। यात्री वाहनों के नहीं चलने के कारण लोगों को पैदल ही सफर करना पड़ा।
राज्य सरकार द्वारा कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मंगलवार को यात्री वाहनों में 50 प्रतिशत सवारियों को बैठाने के विरोध में राज्य ट्रांसपोर्ट यूनियन की ओर से बुधवार को चक्का जाम की घोषणा का असर सुंदरबनी में भी दिखाई दिया। यहां कोई भी बस या मिनी बस सड़क पर नहीं दिखाई दी। इससे लोगों को दिन भर परेशानियों का सामना करना पड़ा और यात्री वाहन नहीं मिलने की सूरत में अधिकांश लोगों को पैदल या ज्यादा पैसे खर्च करके स्पेशल वाहन लेकर निर्धारित स्थानों पर पहुंचना पड़ा है। खासकर बीमार तथा दूर दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को यात्री वाहनों के बंद रहने के कारण बहुत ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संवाद