राजोरी। जिले के थन्नामंडी पुलिस थाने के अंतर्गत अप्पर शाहदरा शरीफ क्षेत्र में बुधवार को कुत्तों के हमले में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के समय बच्ची स्कूल से घर जा रही थी कि कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्ची की मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है। शाम को बच्ची को सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। स्थानीय लोगों ने थन्नामंडी प्रशासन से गुहार लगाई कि वो नगर पालिका के अधिकारी को निर्देश दें कि जल्द लावारिस कुत्तो को रिहायशी इलाकों से पकड़ कर कहीं जंगल में छोड़ें।
जानकारी के अनुसार 5 वर्षीय समीना कोसर पुत्री मोहम्मद शफ़ायत स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते मे 4 से 5 कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची के चीखने चिल्लाने पर लोग पहुंचे तो कुत्ते भाग गए। कुत्तों के हमले में बच्ची बुरी तरह घायल हो गई। उसे बेहोशी की हालत में लोगों ने थन्नामंडी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत लाया करार दे दिया।