राजोरी में एडीसी सरकारी विभाग का दौरा करते हुए।
राजोरी। एडीसी कृष्ण लाल ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों का औचक दौरा किया। इस दौरान विभागीय कार्यप्रणाली को जांचा कि लोगों के कार्यों का अधिकारी किस हद तक निपटारा कर रहे हैं। लोग अधिकारियों के रवैये तथा कार्यों से संतुष्ट हैं। लोगों को कोई परेशानी तो विभागीय कार्यों के दौरान नहीं हो रही।
इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए एडीसी कृष्ण लाल ने कृषि विभाग, सोशल वेलफेयर, भेड़ पालन, पशु चिकित्सा सहित ग्रामीण विकास विभाग का दौरा किया। इस दौरान एडीसी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को लोगों के कार्य समय पर निपटाने तथा सामाजिक दूरी बरकरार रखने के निर्देश दिए एडीसी ने कहा कि कोविड-19 के चलते सामाजिक दूरी से लेकर मास्क पहनना तक अनिवार्य है। बिना मास्क के कार्यालयों में कोई भी नजर नहीं आना चाहिए। एडीसी ने कहा कि कार्यालयों में ज्यादा भीड़ न होने दें। लोगों के काम समय पर निपटाएं ताकि उन्हें कोई परेशानी न आए।
वहीं विभिन्न विभागों के किए दौरे के अंत में एडीसी ने बताया कि कुछ खामियां पाईं। जैसे लोगों के आधार कार्ड समय पर नहीं बन पाने की शिकायत थी। जिसे लेकर उच्च अधिकारियों से बात की गई है। इसके अलावा भेड़ पालन विभाग में डॉक्टर के न होने जैसी परेशानी को लेकर भी संबंधित उच्च अधिकारियों से बात की गई। इसके अलावा किसानों के केसीसी लोन को लेकर बैंक अधिकारियों से भी बात कर उन्हें किसानों को लोन देने को कहा गया है।