राजोरी में पुल की मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
राजोरी। मनकोट और थंडिकसी क्षेत्र के ग्रामीणों ने 26 अगस्त को बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए मनकोट पार्क के पुल की मरम्मत में देरी के लिए लोक निर्माण विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके अलावा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर काम की धीमी गति को लेकर भी रोष प्रकट किया।
सरपंच योगेश शर्मा की अगुवाई में कई ग्रामीणों ने पुल पर इकट्ठा होकर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि सुख्तोई नदी में आई बाढ़ में 26 अगस्त को पुल क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण स्थानीय लोग परेशान हैं। सैकड़ों लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है। उत्तेजित लोगों ने कहा कि पुल के क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत की मांग को कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा गया है, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। क्योंकि विभाग पुल की मरम्मत के लिए आवश्यक उपाय नहीं कर रहा है।
हमें भगवान की दया पर छोड़ दिया गया है और विभाग जनता की दुर्दशा के प्रति कोई चिंता नहीं कर रहा है और लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया गया है। उन्होंने पुल की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को दस दिनों का अल्टीमेटम दिया और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिन में मरम्मत कार्य पूरा नहीं हुआ तो राजोरी पुंछ हाईवे जाम किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने लोक निर्माण विभाग पर महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर काम की सुस्त गति का आरोप लगाया, जिसमें टुंडी ट्रार में एक मंदिर शामिल है। इसके अलावा क्षेत्र में कई सड़कों के लिए विभाग द्वारा भुगतान न किये जाने की निष्पक्ष जांच की मांग की।