राजोरी। भारतीय सेना की 1971 के युद्ध में जोरदार जीत का जश्न मनाया जा रहा है। विभिन्न स्थानों से होते हुए इस जश्न की वियज ज्योति मंगलवार को थन्नामंडी पहुंची। राजोरी के पहाड़ों में यात्रा करने वाली विजय ज्योति को यहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ प्राप्त किया गया।
सम्मान के प्रतीक के रूप में थन्नामंडी युद्ध स्मारक पर एक पुष्पांजलि समारोह का आयोजन हुआ। इस मौके पर वीर नारी सरदार बेगम पत्नी स्वर्गीय लांस नायक मलिक मोहम्मद इकबाल को सम्मानित किया गया। थन्नामंडी और उसके आसपास के गांवों में स्वर्णिम विजय मशाल की यात्रा ने युवाओं पर एक अमिट प्रभाव छोड़ा है। भारत माता की जय और शहीद लांस नायक की जय के नारे पूरी घाटी में गूंज रहे थे। पूर्व सैनिकों सहित स्थानीय लोगों ने 1971 के युद्ध की जीत के उपलक्ष्य में भारतीय सेना के प्रति आभार व्यक्त किया।