परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अब्दुल गनी कोहली ने कहा कि मौजूदा गठबंधन सरकार चुनाव से पहले किए सभी वायदे पूरे करेगी।
जिले में ट्रांसपोर्ट सिस्टम में सुधार लाने के साथ-साथ लोगों को बिजली, पेयजल और सरकारी राशन प्रदान करना उनकी प्राथमिकता होगी। वह रविवार को कालाकोट और शहर के ढांगरी क्षेत्र में दो अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जनता ने पूर्व सरकार की जन विरोधी नीतियों से तंग आ कर भाजपा को वोट दिए हैं। अब उनका वोट व्यर्थ न जाए, इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
जिले में सड़कों की मरम्मत करवाने, वाहनों की कमी को दूर करने के अलावा सरकारी आरटीसी की बसें प्रदान करने पर भी विचार किया जाएगा।
स्वास्थ्य का क्षेत्र हो या फिर शिक्षा का, जनता को अब किसी प्रकार की चिंता नहीं होगी। जिले में विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ पयर्टन को भी बढ़ावा देने पर बल दिया जाएगा।