राजोरी। राजोरी स्थित आरएसएस शाखा ग्राउंड और कलर स्थित सूरता माता मंदिर में चैत्र शुक्ल प्रतिपदा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रथम सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती मनाई गई।
कार्यक्रम में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में एकत्रित हुए। मुख्य अतिथि राजोरी पुंछ विभाग संघचालक हरदेव वर्मा ने डॉ. हेडगेवार की जीवनी पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ की शाखाएं व्यक्ति और समाज निर्माण का कार्य करती हैं। आज समाज के हर क्षेत्र में संघ के स्वयंसेवक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। हरदेव ने कहा कि जैसे सूर्य की रोशनी पूरी पृथ्वी को प्रकाशित करती है, वैसे ही शाखा से निकलने के बाद स्वयंसेवक राष्ट्रभावना से प्रेरित होकर अपने कार्यक्षेत्र को प्रकाशमान करते हैं। वे मां भारती की रक्षा के लिए सर्वस्व समर्पण के लिए संकल्पित रहते हैं। उन्होंने बताया कि विक्रम संवत की स्थापना इसी दिन सम्राट विक्रमादित्य ने की थी, जो आज भी हिंदू पंचांग का आधार है। मान्यता है कि ब्रह्मा जी ने इसी दिन सृष्टि की रचना प्रारंभ की थी। इसके अलावा भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक भी इसी दिन हुआ था। कार्यक्रम में जिला प्रचार प्रमुख नवल गुप्ता, मीडिया प्रभारी शक्ति शर्मा, करण ठाकुर और गौरव महाजन आदि उपस्थित रहे।