सुंदरबनी। क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश से मौसम सुहावना होने पर लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। क्षेत्र में काफी दिनों के बाद बारिश होने से किसान काफी खुश हैं, क्योंकि गर्मी के मौसम में बारिश कम होने से सूखे की स्थिति बनी हुई थी। सब्जियों की फसलें सूखे की चपेट में आ रही थीं। लेकिन, शनिवार देर रात हुई बारिश से सूखने के कगार पर पहुंची सब्जियों की फसलों में फिर से जान पड़ गई है। हालांकि, बारिश के साथ चली तेज हवाओं से बिजली को काफी नुकसान हुआ और अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार रात से लेकर रविवार दिन को भी बिजली आपूर्ति ठप रही। इसे बहाल करने में विभाग के कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। संवाद
वीकेंड लॉकडाउन का सख्ती से हुआ पालन
सुंदरबनी। उपजिला सुंदरबनी में प्रशासन की ओर से लगाए गए वीकेंड लॉकडाउन का दूसरे दिन भी सख्ती से पालन हुआ। नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस तैनात रही और लोगों ने भी प्रशासन का पूरी तरह से सहयोग किया। लोगों ने बगैर किसी जरूरी काम के घर से बाहर निकलने की कोशिश भी नहीं की। लोगों की जरूरतों का ख्याल रखते हुए जरूरी सेवाओं जैसे सब्जियों, दूध, आदि की दुकानें और कृषि के बीज की दुकानें सुबह कुछ समय के लिए खोली गईं। वहीं, दवाईयों की दुकानें दिनभर के लिए खुली रहीं। संवाद