हमारे नसीब में तो अब धूप भी नहीं रही। हम लोग चाह कर भी धूप तक नहीं सेंक सकते हैं। यह कहना है नियंत्रण रेखा पर बसे साब्जियां क्षेत्र के निवासियों का, जोकि कभी भी पाक सेना द्वारा रिहायशी इलाकों को निशाना बना कर किए जाने वाले गोलाबारी के चलते हर समय आड़ में रहने को मजबूर हैं।
इन लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सर्दी ने दस्तक दे दी है, ऐसे में हर किसी का मन करता है कि वह कुछ समय खुले में बैठ कर सूरज की तपिश ले, लेकिन पाक सेना हमें ऐसा करने नहीं देती है। साब्जियंा क्षेत्र निवासी मोहम्मद मुनीर, अब्दुल सुबान, गुलाम जू आदि का कहना है कि पिछले आठ-दस दिनों से पाकिस्तानी सेना द्वारा हमारे घरों को निशाना बना कर लगातार की जा रही गोलाबारी के चलते हम लोग घरों के अंदर कैद होकर रह गए हैं। क्षेत्र में यह आलम है कि लोग दिन के समय शौच तक जाने से घबराते हैं।