जिले की दरहाल तहसील के लोगों ने पेयजल संकट से परेशान होकर शनिवार को पीएचई विभाग के एक्सईएन कार्यालय का घेराव कर रोष प्रकट किया। इस दौरान लोगों ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से दराहल के करीब चार गांवों में पानी सप्लाई नहीं हो रही है।
उन्होंने कई बार अधिकारियों को मामले से अवगत करवाया लेकिन किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिस वजह से मजबूरन उन्हें एक्सईएन कार्यालय आना पड़ा। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले लगाई गई पीएचई की पाइपों को अब जंग लग चुकी है। इन पुरानी पाइपों की वजह से पेयजल सप्लाई में आए दिन बाधा आती रहती है।
लोगों ने नई स्कीमों को जल्द लागू कर पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की। वहीं एक्सईएन ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे जल्द ही दरहाल में पेयजल संकट को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाएंगे। इस दौरान कांग्रेस नेता करामत मलिक व सरपंच अबिद मलिक आदि मौजूद रहे।