जिले की कालाकोट सब डिवीजन की त्रियाठ तहसील में बक्करवाल समुदाय के लोगों ने शनिवार को राज्य सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा उन्हें कोई भी सुविधा प्रदान नहीं की जा रही है।
सर्दियों के मौसम में जब वे लोग पहाड़ी ढोकों से वापस मैदानी इलाकों का रुख करते हैं तो उन्हें बहुत सी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि उन्हें और उनके मवेशियों को किसी भी तरह की चिकित्सा सुविधा प्रदान नहीं की जाती है। वहीं सरकारी राशन के लिए भी उन्हें दर-ब-दर भटकना पड़ता है।
आलम यह है कि उन्हें दो वक्त की रोटी भी नसीब नहीं हो रही है। सरकार ने चुनावों के समय बक्करवाल समुदाय के लोगों से बड़े वादे किए थे लेकिन सत्ता में आते ही सब भूल गई। उन्होंने सरकार से उनके साथ भेदभाव खत्म करने की गुहार लगाई। इस दौरान समाज सेवक मोहन लाल समेत समुदाय के लोग मौजूद रहे।