-रोमेश शर्मा महासचिव नियुक्त, पहाड़ी समुदाय के उत्थान के लिए काम करेगा मंच
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। डाक बंगला राजोेरी में जिले के प्रमुख व्यक्तियों ने बैठक कर जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी जातीय समूह के मुद्दों पर चर्चा की। इसमें पहाड़ी समुदाय की बेहतरी के लिए पहाड़ी अधिकार मंच जम्मू-कश्मीर का गठन किया गया। दलहोरी के पूर्व सरपंच कश्मीर सिंह ने बताया कि ट्रेड यूनियन नेता सज्जाद मिर्जा को मंच का अध्यक्ष नामित किया गया।
वहीं, सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियर रोमेश शर्मा को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई। चुने गए दोनों पदाधिकारियों को बाकी पदाधिकारियों को नामित करने के लिए अधिकृत किया गया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी अधिकार मंच का उद्देश्य पहाड़ी समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक उत्थान की दिशा में काम करना, सरकारी योयनाओं का लाभ दिलाना और योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित कराना है। इस मंच से समुदाय अपनी चिंताओं और शिकायतों को व्यक्त कर सकेगा। इससे पहाड़ी समुदाय की संस्कृति के संरक्षण और विरासत को बढ़ावा मिलेगा। समुदाय के मुद्दों को संबोधित करने के लिए सरकारी एजेंसियों और अन्य संगठनों के साथ संपर्क किया जाएगा। बैठक में कई प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया।