दरहाल तहसील के लोगों ने बिजली और पेयजल की भारी किल्लत पर मंगलवार को तहसील परिसर में एक दिवसीय भूख हड़ताल की। लोगों ने शीघ्र समाधान न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है।
नागरिकों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपना कड़ा रोष प्रकट किया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाज सेवक एवं पूर्व हेड मास्टर मोहम्मद इकबाल ने जिला प्रशासन, पीएचई और बिजली विभाग के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट करते हुए कहा कि क्षेत्र में बिजली, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का काफी बुरा हाल है। कई-कई हफ्ते लोगों के घरों में पीएचई की पाइपों से पानी नहीं आता है।
वक्ताओं ने कहा कि बिना पानी के लोगों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, बिजली की आंख मिचौनी से जहां एक तरफ आम जनता का जीना मुहाल है, तो वहीं दूसरी तरफ विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के सिर पर है, लेकिन बिजली कटौती से बच्चे अपनी पढ़ाई सही प्रकार से नहीं कर पा रहे हैं।
भूख हड़ताल पर बैठे एक अन्य नागरिक मजीद मलिक ने बताया कि हर बार केवल आश्वासन ही दिलाया गया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो लोग आमरण अनशन पर बैठेंगे।
इस संबंध में क्षेत्र के तहसीलदार ने बताया कि उन्होंने भूख हड़ताल कर रहे लोगों की मांगों की जानकारी जिला प्रशासन को दे दी है। प्रशासन जल्द ही संबंधित विभागों से बात कर समस्याओं के समाधान का
प्रयास करेगा।