शहर के चौधरीनाड़ क्षेत्र में पेयजल की भारी किल्लत से जूूझ रहे लोगों ने शुक्रवार को पीएचई विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर अपना रोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर लोगों ने नारेबाजी करते हुए जल्द सप्लाई को सुचारु करने की गुहार लगाई। लोगों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक महीने से पीएचई की पाइपों से पानी नहीं आया है।
स्थानीय निवासी मुश्ताक बट्ट, दरबार चौधरी, तनवीर अहमद चौधरी, साहिल कुमार आदि ने बताया कि पिछले एक महीने में कई बार विभाग के एक्सईएन कार्यालय जाकर सप्लाई सुचारु करने की गुहार लगाई गई।
लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे मजबूर होकर लोगों को प्रदर्शन करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पीएचई सप्लाई ठप होने के बाद उन्हें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में शौचालय जाने के लिए भी पानी नहीं है।
इससे विशेषकर महिलाओं और युवतियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों से दूर बने प्राकृतिक संसाधनों पर पानी लेने से बहुत समय नष्ट होता है।
प्रदर्शनकारियों ने पीएचई विभाग और जिला प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि यदि दो दिन तक सप्लाई बहाल नहीं की गई तो लोग एक्सईएन कार्र्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करेंगे।