मकान भी जलकर राख
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। कोटरंका सब डिवीजन और ख्वास तहसील के तहत आने वाले गांव कोट चढ़वाल में शाॅर्ट-सर्किट से आग लगने के कारण पशु शाला में 13 मवेशी जलकर मर गए। इसके अलावा पशुशाला के साथ कच्चा मकान भी जल गया।
जानकारी के अनुसार लियाकत अली के घर के पास पशुशाला में बिजली की शाॅर्ट-सर्किट से आग लग गई। पशुशाला से धुंआ उठता देखकर व्यक्ति ने शोर मचाया और आसपास के लोग भी इकट्ठे हुए। उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इसके साथ ही राजोेरी स्थित फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन राजोेरी से 150 किलोमीटर दूर होने के कारण फायर ब्रिगेड के वाहन समय पर नहीं पहुंच सके। सूखे लक्कड़ की पशुशाला में लगी आग ने इतना भयानक रूप धारण कर लिया कि उसको स्वयं नहीं बुझाया जा सका और देखते ही देखते 13 पशु झुलस कर मौत का शिकार हो गए। वहीं पशुशाला के साथ लगता कच्चा मकान भी जल गया और व्यक्ति का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और उपराज्यपाल से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने पीड़ित व्यक्ति को तत्काल मुआवजा दिया जाए। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद