मंजाकोट क्षेत्र में सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन करने और पुलिस पर पथराव करने के आरोप में करीब पंद्रह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई है।
एसएसपी राजोरी राजेश्वर सिंह के अनुसार पुलिस ने कानून को अपने हाथ में लेने और पुलिस को ड्यूटी करने से रोकने वालों की पहचान कर ली है। जिन लोगों ने पुलिस पर पथराव किया था और यात्री वाहनों में तोड़फोड़ की थी, उनके खिलाफ धारा 307, 147, 148, 149 और 336 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें भी गठित की गई हैं। पुलिस की टीमें कई संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को मंजाकोट क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर उस समय पथराव शुरू कर दिया था, जब पुलिस प्रदर्शनकारियों को सड़क से जाम हटाने के लिए बोल रही थी। पथराव में एसएचओ मंजाकोट सहित पुलिस को तीन जवान घायल हुए थे।
पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करने और टीयर गैस के गोले छोड़ने से चार लोग भी घायल हुए थे। करीब तीन घंटे की झड़प के बाद उच्च प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवा मामला सुलझाया था।