राजोेरी। उपायुक्त राजेश के. शवन ने सोमवार को जल संरक्षण क्लब के संबंधित सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें जल संसाधनों के प्रभावी संरक्षण और प्रबंधन की रणनीति पर चर्चा की। उपायुक्त ने कहा कि जल निकायों का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और आम जनता से इस संबंध में अपना बहुमूल्य योगदान देने की अपील की।
बैठक में उपायुक्त ने तहसीलदारों को निर्देश दिया कि वे तहसीलों में खराब हैंडपंपों की पहचान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि उनकी समय पर मरम्मत की जा सके। अधिकारियों को जल संरक्षण के संदेश को जनता, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं तक पहुंचाने के लिए कहा, क्योंकि पानी की कमी के समय सबसे अधिक पीड़ित महिलाएं होती हैं। उपायुक्त ने जल संरक्षण क्लब में महिलाओं के ई-पंजीकरण के संबंध में प्रगति की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारी ने बताया कि अब तक 2500 महिलाओं का पंजीकरण किया जा चुका है और अधिकतम महिलाओं को पंजीकृत करने के लिए ठोस उपाय किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी से कहा कि पंजीकरण की प्रक्रिया को तेज करें और आम जनता के बीच ताजे पानी के महत्व और इसे संरक्षित करने के तरीकों के बारे में जन जागरूकता पैदा करें।