राजोरी। कुछ दिन से राजोरी में पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी ने सोमवार को और भी भयानक रूप अख़्तियार कर लिया। शहर व आसपास के इलाकों में तापमान 39 डिग्री के भी पार चला गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को राजोेरी में सीजन का सबसे गर्म दिन माना गया है।
कई दिन से सुबह से शाम तक आसमान से दिन भर सूर्य की तपिश वाली किरणे झुलसा देने वाली गर्मी बरस रही है। राजोरी शहर व आसपास की सड़कों पर दोपहर के समय ऐसा होता है जैसे तंदूर जलाया गया हो और झुलसा देने वाली गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर रखा है। गर्मी के चलते राजोरी शहर और आसपास की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। गर्मी के कहर से बचने के लिए लोग घरों में ही दुबके हैं। गर्मी का आलम यह है कि घरों में पंखे और कूलर से भी काम नहीं चल रहा है और लोगों को एससी से ही गुजारा करना पड़ रहा है। जिन लोगों के पास ऐसी नहीं है उनके लिए जीना मुहाल हो रखा है। वहीं बाबा गुलाम शाह बादशाह विश्वविद्यालय के मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को राजोरी का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस नोट किया गया है।