राजोरी। जिला प्रशासन ने पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से सोमवार को सांस्कृतिक -सह -पर्यटन प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया। जम्मू-पुंछ राजमार्ग स्थित चिंगस किले में कार्यक्रम के दौरान डीसी सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और स्थानीय निवासियों पार्षदोें और पंचों सरपंचों ने भाग लिया।
चिंगस किला मुगल सम्राट जहांगीर के अवशेषों को रखने के लिए प्रसिद्ध है। जिनकी मृत्यु कश्मीर से दिल्ली जाते वक़्त 1627 ईस्वी में हुई। जहांगीर की दूसरी कब्र लाहौर में है। आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के तहत भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में कई गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत डीआईसी की टीम और स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक वस्तुओं से हुई जिन्होंने मधुर गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। राजोेरी विकास की प्रक्रिया में जनता, युवाओं, महिलाओं और पीआरआई को शामिल करने के लिए एक अनूठा मॉडल पेश किया और युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार सृजन गतिविधियों में शामिल करने के लिए विशेष ध्यान देने पर बल दिया।
प्रतिभागियों को आम जनता के सामाजिक और आर्थिक कल्याण को संबोधित करने के लिए सरकार द्वारा शुरू की गई सेहत, पीएमएवाई, जेकेबीओसीडब्ल्यू, पीएमजेजेबीवाई, पीएमजेडीवाई, पीएमएसबीवाई, एपीवाई, आपकी जमीन आपकी निगरानी आदि सहित कई योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में भी बताया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने ईट राइट चैलेंज अभियान पर व्याख्यान भी दिया और अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान टीबी रोग पर व्याख्यान दिया गया। सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, ट्रेकिंग अभियान, हिमालयन बाइक रैली सहित कई अन्य कार्यक्रम पहले ही आयोजित किए जा चुके हैं।