सुंदरबनी। दीपावली को लेकर लोगों में उत्साह है। हालांकि पुलिस और सिविल प्रशासन की ओर से नगर में त्योहार को लेकर पूरी मुस्तैदी रखी गई है। ताकि लोग शांति तथा साफ सुथरे माहौल में त्योहार मना सकें।
सुंदरबनी में दीपावली पर्व पर पटाखे बेचने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा कारणों को लेकर चिह्नित स्थान पर एक दिन पहले ही दुकानदारों ने स्टाल सजा लिए हैं। ताकि वीरवार को पूरी तैयारी के साथ पटाखों की ब्रिक्री की जा सके। इसी प्रकार से सुंदरबनी नगर में पर्व को लेकर एक दिन पहले ही मिठाई की दुकानें सज गई हैं ताकि वीरवार सुबह से ही दुकानों पर लगने वाली भीड़ से पहले ही मिठाई पूरी तरह से सजाकर रख ली जाए। इस संबंध में मिठाई विक्रेता महावीर स्वीट शाप, नैंसी स्वीट शाप तथा राज स्वीट शाप के मालिकों को कहना है कि दीपावली पर्व पर बिकने वाली मिठाई तैयार करने के लिए उन्होंने तीन चार दिन पहले ही काम शुरू कर दिया। अब एक दिन पहले ही बेहतरीन मिठाई तैयार कर दुकानों को सजा लिया है। ताकि दीपावली पर ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित कर लाभ कमाया जा सके।
------
पटाखे जलाते समय सावधानी बरतें
1. बच्चों को बम, हवाई, चटाई जैसे पटाखे न जला दें।
2. बच्चों के साथ बड़े भी रहें।
3. ढीले ढाले कपड़े पहनकर महिलाएं या बड़े पटाखे न जलाएं।
4. राकेट चलाने के लिए बोतल का प्रयोग करे, मिट्टी या रेत में राकेट न लगाएं।
5. पटाखे जलाते समय किसी बर्तन में रेत रखें।
6. पानी से भी भरी बाल्टी रखें, ध्यान रहे पानी प्लास्टिक की बाल्टी या कम छत वाले गैलन में न रखें।
7. पटाखे जलाते समय उसके ऊपर न झुकें, चेहरे को दूर रखें। बेहतर हो कि फुलझड़ी के जरिये दूसरे पटाखे को आग लगाएं।
8. जल जाने पर ठंडे पानी का इस्तेमाल करें। बेहतर हो कि बर्फ से सिकाई करें।
9. अगर तेज आवाज वाले पटाखे हों तो कान में रुई खुद भी लगाएं और बच्चों में अवश्य लगाएं।
10. किसी भी तरह के पटाखे कमरे या बंद जगह में न जलाएं, सदैव खुली जगह का प्रयोग करें।