बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी में रविवार रात नौ बजे बीटेक और पालिटेक्निक के छात्रों में झड़प हो गई।
दोनों गुटों के छात्रों में हुई खूनी हिंसा के बाद चार घायल छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीटेक और पालिटेक्निक के छात्रों में किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई।
इसके बाद दोनों पाठ्यक्रमों के छात्रों ने अपने अपने हास्टल से और छात्रों को बुला लिया। दोनों गुटों के छात्र सबरंग स्क्योर पर इकट्ठा हुए और लोहे की राड से एक दूसरे पर हमला करने लगे। दोनों गुटों में मुख्य तौर पर घाटी और पुंछ के स्थानीय छात्र थे।
यूनिवर्सिटी परिसर में शोर शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे वार्डन ने बवाल होता देख यूनिवर्सिटी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थाना इंचार्ज दानिश डार ने घायल छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल के डाक्टर के अनुसार पालिटेक्निक थर्ड सेमेस्टर के एक छात्र को गहरी चोटें आई है। बाकी तीन छात्रों की स्थिति सामान्य है।