राजोरी। यूके वीजा और आप्रवासन ब्रिटिश उच्च आयोग का गलत जानकारी देने पर सीईओ लाल हुसैन ने एक शिक्षक को चार्जशीट कर सस्पेंड कर दिया है। सीईओ के आदेश के अनुसार जिले के बलजरालां शिक्षा जोन के प्राइमरी स्कूल फरवाला में तैनात शिक्षक मोहम्मद मुस्तफा ने यूके का वीजा लेने के लिए नकली और धोखाधड़ी वाले आपत्ति प्रमाणपत्र और वेतन प्रमाणपत्र सौंप कर उच्च आयोग को गुमराह करनेे का प्रयास किया है।
उच्च आयोग ने जब उक्त शिक्षक के सोंपे गए दस्तावेजों की जांच के लिए सीईओ राजोरी को भेजे तो सीईओ ने सभी दस्तावेजों को जेडईओ बलजरालां कार्यालय भेज दिया। जेडईओ ने जांच के दौरान पाया कि आपत्ति प्रमाणपत्र और वेतन प्रमाणपत्र पर जेडईओ के जो हस्ताक्षर हैं वह जाली हैं। शिक्षक ने खुद हस्ताक्षर किए या फिर किसी अन्य से कराए है। मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए सीईओ ने उक्त शिक्षक के खिलाफ जांच के निर्देश जारी करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया है। इतना ही नहीं सीईओ ने शिक्षक को चार्जशीट कर उसे कारण बताओ नोटिस भेज मात्र 3 दिन में जवाब भी तलब किया है।