राजोरी। जिले में शुक्रवार को दो डॉक्टरों सहित कोरोना पॉजिटिव 47 नए मामले सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जो नए सामने आए हैं उनमें से सबसे अधिक मामले कालाकोट ब्लॉक से 17, दरहाल से 14, मंजाकोट से 4, नौशेरा से 3, सुंदरबनी से 5 लोगों को पॉजिटिव पाया गया है।
उपायुक्त के निर्देश पर जहां-जहां कोरोना पॉजिटिव सामने आए वहां उनके संपर्क में अन्य लोगों की सैंपलिंग का सिलसिला भी शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जगह-जगह विशेष कोरोना सैंपल कलेक्शन प्वाइंट बना रखे हैं। जहां से गुजरने वाले हर व्यक्ति का टेस्ट किया जा रहा है। इसके अलावा जिले भर में कोविड-19 वैक्सीनेशन का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। विशेषकर 15 से 17 साल तक की आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना वैक्सीनेशन के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। ताकि बच्चों को तीसरी लहर के प्रकोप से बचाया जा सके। वहीं कोरोना नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए बनाई गई। परिवर्तन निदेशालय की विशेष टीमों ने शनिवार को जिले भर में कोविड नियमों का उल्लंघन करने वालों से 49850 रुपये जुर्माना वसूला है।
--------
9 और माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित
राजोरी में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उपायुक्त ने नौ नए इलाकों को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। उपायुक्त विकास कुंडल के अनुसार दरहाल ब्लॉक की बड़ी दरहाल पंचायत और शाहदरा-बी पंचायत, कालाकोट की पंचायत बरमंडल, राजोरी के वार्ड नंबर-7, नौशेरा का वार्ड नंबर-4, सुंदरबनी ब्लॉक की पंचायत पत्राडा और वार्ड नंबर-7, सियोट ब्लॉक की अपर सियोट पंचायत, तिरयाठ ब्लॉक की मलूरिया पंचायत को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। उसके बाद इन दोनों वार्डो में लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। अब इन वार्डों में रहने वाले हर व्यक्ति की कोरोना जांच की जाएगी।