एसआरके ग्लोबल पीस फाउंडेशन ने टीकाकरण और कोविड -19 जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। एसआरके ग्लोबल पीस फाउंडेशन एनजीओ ने जिले के दूर दराज क्षेत्रों की जनता से संपर्क किया और उन्हें कोविड वैक्सीनेशन के लिए जागरूक किया। संस्था की टीम ने मंजाकोट और कालाकोट तहसीलों में लोगों को जागरूक करने के बाद थन्नामंडी तहसील के बेहरोट, खबलान, मन्याल गली, बावली और नेरोजाल का दौरा किया, और टीकाकरण के लिये लोगों को खुल कर सामने आने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के मुख्य समन्वयक विशाल पहाड़ी, सलाहकार संजय शर्मा, सलीम बुखारी, आदि के नेतृत्व में टीम ने लोगों से कोरोना के सभी नियमों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए कहा। उन्होंने घर-घर जाकर पर्चे बांटे और अपनी बारी आने पर टीका लगवाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने लोगों को बताया कि यह टीकाकरण सिर्फ एक इम्युनिटी बूस्टर है। यह शरीर में एंटीबॉडी विकसित करता है, जो शरीर को कोरोना वायरस से लड़ने के लिए तैयार करता है।