राजोरी। कोविड महामारी से आम जनता को बचाने के लिए लगाए गए कोरोना कर्फ्यू में दिन रात जान हथेली पर लेकर ड्यूटी कर रहे कोरोना योद्धाओं की मदद के लिए सेना ने हाथ बढ़ाया है।
राजोरी स्थित सेना के ऐस ऑफ स्पेड्स डिवीजन ने राजोेरी नागरिक अधिकारियों के साथ कोविड योद्धाओं को चाय और जलपान प्रदान किया है। सेना ने सोमवार को तेज धूप में ड्यूटी कर रहे पुलिस और अर्धसैनिक कर्मियों को चाय आदि वितरित की। सेना ने डीसी कॉलोनी, ख्वाजा मार्केट, बेला कॉलोनी, औद्योगिक क्षेत्र, दरहाली ब्रिज, एजीपीएस, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, खियोरा, जिला अस्पताल और टीसीपी आदि स्थानों में कुल 201 पुलिस और अर्धसैनिक कर्मियों को चाय और नाश्ता वितरित किया। एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि सेना करीब एक सप्ताह से ये कार्य कर रही है। जब तक कोविड महामारी रहेगी और हमारे कोरोना योद्धा ड्यूटी करते रहेंगे, सेना उनकी सेवा के लिए हाजिर रहेगी।