मेंढर तहसील में सीमा सुरक्षा बल की 62वीं वाहिनी ने गंाव उछाद स्थित मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। जिसमें वाहिनी के जवानों ने जिला अस्पताल स्थित ब्लडबैंक में आने वाले गरीब एवं जरूरत मंदों के लिए 25 बोतल रक्तदान किया।
शिविर की अध्यक्षता वाहिनी के कमाडेंट राधेश्याम शर्मा ने की। जबकि ब्लाक मेडिकल आफीसर मेंढर डा.परवेज अहमद खान मुख्य अतिथि रहे। सर्वप्रथम 62वीं वाहिनी के कमांडेंट राधेश्याम शर्मा और उप कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने रक्त दान किया।
जिसके उपरांत जवानों ने बारी-बारी से रक्तदान किया। इस अवसर पर जिला अस्पताल के ब्लडबैंक से हरविंदर सिंह की अगुवाई में कर्मचारियों ने विभिन्न ग्रुपों के रक्त की 25 बोतलें एकत्र की।
इस अवसर पर कमांडेंट ने कहा कि इस दूर दराज के जिले में बड़ी संख्या में लोग गरीब हैं, जिनके लिए जरूरत पड़ने पर खून की व्यवस्था करना कठिन होता है। आज हमने ऐसे लोगों के लिए रक्तदान किया है ताकि उन्हें समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। भविष्य में भी सीमा सुरक्षा बल ऐसे आयोजन कर लोगों की सेवा करती रहेगी।