राजोरी के थन्नामंडी में पत्रकार पर जानलेवा हमला घंटों सड़क जाम कर पत्रकारो ने किया जोरदार प्रदर?
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। जिले की थन्नामंडी तहसील में एक स्थानीय पत्रकार पर जानलेवा हमले के मामले ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। जब राजोेरी में पत्रकारों ने गुज्जर मंडी चौक जामकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार थन्नामंडी स्थित स्थानीय पत्रकार इमरान खान किसी न्यूज कवरेज के लिए गए थे। वहां मुश्ताक खान व उसके परिजनों ने इमरान पर जानलेवा हमला कर दिया। उसे घायल कर वहां से भाग निकले। परिजनों ने इमरान को गंभीर हालत में जीएमसी राजोेरी में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार जारी है। हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं प्रेस क्लब के प्रधान अविनाश जसयाल और चेयरमैन आरिफ कुरैशी के नेतृत्व में दर्जनों पत्रकार सड़क पर जमा हो गए और नारेबाजी करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रधान अविनाश ने कहा कि जब तक इमरान पर हमला करने वालों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज नहीं होगा तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल एसपी विवेक शेखर शर्मा पत्रकारों से मिलने मंडी चौक पहुंचे और भरोसा दिलाया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठेकेदार समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।